बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
अन्य राज्य उत्तर प्रदेश दिल्ली-एनसीआर ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

पहाड़ों में बर्फबारी व बारिश के बाद दिल्ली और यूपी समेत मैदानी क्षेत्रों में बढ़ी ठंड से लोग परेशान

  • December 19, 2021
  • 1 min read
पहाड़ों में बर्फबारी व बारिश के बाद दिल्ली और यूपी समेत मैदानी क्षेत्रों में बढ़ी ठंड से लोग परेशान

नई दिल्ली। देश के अधिकांश क्षेत्रों में दिसंबर के तीसरे सप्ताहांत की शुरुआत कड़ाके की ठंड से हुई है। पहाड़ों से उतरी सर्दी ने देश की राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और बंगाल तक लोगों को कांपने पर विवश कर दिया है। बाक्स में रखी टोपियां और मफलर निकल आए हैं। शनिवार की सुबह जब घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई तो दिल्ली समेत अधिकांश राज्यों में लोगों ने बिस्तर में ही दुबके रहना बेहतर समझा। जो बाहर निकले, वह सिर और कान को मफलर या टोपी से ढककर ही निकले।

राजधानी में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, लेकिन असली सितम ढाया तेज हवा ने। हवा से धूप भी बेअसर दिखी। लोग दिन में चौराहों पर अलाव और घरों में हीटर से हाथ सेंकते देखे गए। राजस्थान के फतेहपुर में तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू में माइनस तीन और चुरु में माइनस 1.1 डिग्री तक पहुंच गया। माउंट आबू और फतेहपुर में तो खुले क्षेत्रों में हल्की बर्फ भी जम गई।

इसी तरह ओडिशा में 12 स्थानों पर बीते 24 घंटे में तापमान 12 डिग्री से नीचे रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आने वाले तीन-चार दिन तक ऐसी ही स्थिति रहने वाली है। तेज हवा के साथ पहाड़ों की ठंड का प्रभाव मैदानी क्षेत्रों तक पहुंचा है। दिल्ली से सटा मेरठ उत्तर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा जहां 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ में पांच डिग्री तापमान रहा।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। यह इस सीजन में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस वजह से शनिवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। आया नगर व रिज एरिया में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार ठंडी हवाएं चलने से सर्दी बढ़ी है।

शनिवार को मध्य प्रदेश में न्यूनतम चार डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर, दतिया एवं नौगांव में दर्ज किया गया। यहां सीजन में पहली बार शीतलहर चली। भोपाल, सिवनी, धार और रतलाम में अत्यधिक सर्दी रही। अगले तीन दिनों तक बिहार के न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। शनिवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान सिवान जिले के जीरादेई में 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री रहा। कोहरे से लोगों को परेशानी हुई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है।