बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 19, 2024
विशेष

अलीगढ : योगी के साथ मंत्री संदीप सिंह का रहा क्रेज, राजपैलेस का दिखा जलवा

  • June 6, 2017
  • 1 min read
अलीगढ : योगी के साथ मंत्री संदीप सिंह का रहा क्रेज, राजपैलेस का दिखा जलवा

जियाउर्रहमान /अलीगढ | सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को अलीगढ के दौरे की चर्चाएं शहर में जोरों पर हैं | राज पैलेस (पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का घर ) के दबदबे की लोग चर्चाएं कर रहे हैं | एटा से सांसद राजवीर सिंह राजू भैया का जलवा सीएम के पूरे कार्य्रकम में रहा | सीएम योगी भी राज पैलेस गए जहां राजू भैया के साथ साथ पत्नी पूर्व विधायक प्रेमलता वर्मा,  उनके पुत्र मंत्री संदीप सिंह ने सीएम का स्वागत किया | राजपैलेस में बहुत ही कम लोगो की एंट्री सीएम से मिलने के लिए रही | तमाम भाजपाई दिग्गज राजपैलेस के बाहर ही रहे | भाजपा के नेताओं की उपस्थिति और योगी से मुलाकात होने व न होने से उनके कद का अंदाजा लगाया जा रहा है | सीएम योगी को लेकर भाजपाई उत्साहित तो थे तो वहीँ सीएम के बाद सबसे ज्यादा क्रेज कार्यक्रम में कल्याण सिंह के प्रपौत्र अतरौली से विधायक राज्यमंत्री संदीप सिंह का था | सीएम योगी के साथ युवा मंत्री संदीप सिंह की जोड़ी को जिसने भी देखा प्रशंसा करता नजर आया |

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि अलीगढ शहर को स्वच्छ व सुन्दर तथा कूडामुक्त बनाने का महायज्ञ प्रारम्भ हो गया है और इस महायज्ञ में सभी को अपने-अपने सहयोग की आहूति देने होगी तभी शहर कूडा और गंदगीमुक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि स्त्रोत पर कूडे के पृथक्करण यानि घर के कूडे को घर में ही कम्पोस्ट बनाकर निस्तारित कराये जाने की यह महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन को निश्चित रूप से सफल बनाने हेतु मील का पत्थर साबित होगी। संदीप सिंह के भाषण में उनके दादा कल्याण सिंह की छाप साफ़ दिखाई दी |

बताते चलें कि संदीप सिंह अपने दादा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की विधानसभा अतरौली से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं और योगी कैबिनेट में सबसे कम उम्र के मंत्री हैं | संदीप सिंह को उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा के साथ साथ प्राविधिक और चिकत्सा शिक्षा का राज्यमंत्री सीएम योगी ने बनाया है | युवा संदीप सिंह राजनीति में हालांकि नए हैं लेकिन राजनैतिक परिवार से होने के चलते काफी सुलझे हुए भी हैं | योगी के जाने के बाद भी संदीप सिंह का नाम अलीगढ के आमजन की जुबां पर रहा |