बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
October 18, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है भाजपा सरकार : अजय राय

  • October 9, 2024
  • 1 min read
प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है भाजपा सरकार : अजय राय

अलीगढ | खैर विधानसभा के उपचुनाव में सियासी ताप बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश का माहौल खराब करना चाहती है। इसीलिए इनके द्वारा पोषित गाजियाबाद के एक महंत विवादित बयान देते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं होता है। उन पर रासुका के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को अलीगढ़ के खैर के गौमत चौराहे स्थित एक फार्म हाऊस में कांग्रेस के संविधान बचाओ संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सनातन धर्म सभी धर्मों के साथ खड़े रहना सिखाता है। प्रदेश अध्यक्ष ने सम्मेलन की भीड़ देख कर कहा कि सबसे अच्छा कार्यक्रम अलीगढ़ के खैर में हुआ है। राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने में सहयोग करें। संविधान की रक्षा करना हमारा पहला कर्तव्य है। गन्ने की कीमत 500 रुपये क्विंटल होनी चाहिए।

यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि वर्तमान मोदी-योगी सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है, जिससे आमजन परेशान है। राहुल गांधी व सोनिया गांधी ने दलितों व आदिवासियों व किसानों की आवाज को संसद में उठाया तो उनका माइक बंद कर दिया जाता है। तीन काले अध्यादेश को राहुल गांधी व किसानों के कारण वापस लेना पड़ा। उपचुनाव में कांग्रेस पूरे दम के साथ चुनाव लड़ेगी। जिससे 2027 के चुनाव का रास्ता साफ होगा।

सम्मेलन को पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, सहप्रभारी तौकीर आलम ने संबोधित किया। प्रदेश के सह प्रभारी तौकीर आलम ने कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नही बची । पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, विधायक आराधना मिश्रा, पूर्व विधायक विवेक बंसल सहित कई नेताओं ने सम्मेलन को संबोधित किया। सभी ने उपचुनाव में कांग्रेस-सपा के प्रत्याशी को मजबूत करने का आह्वान किया।

इस मौके पर युवा प्रदेश उपाध्यक्ष जियाउर्रहमान, महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा सिंह, रूही जुबेरी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खान, अलीगढ़ प्रभारी कौशलेंद्र सिंह, विनीत पाराशर, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरवर व संतोष सिंह, श्यौराज जीवन, राजेशराज जीवन, सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष जरीना आगा, परवेज अहमद, अखिलेश शर्मा आदि मौजूद रहे।