बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 28, 2024
राजनीति राष्ट्रीय

छगन भुजबल, जयंत पाटिल और कांग्रेस के थोराट ले सकते हैं राज्य के मंत्री पद की शपथ

  • November 28, 2019
  • 1 min read
छगन भुजबल, जयंत पाटिल और कांग्रेस के थोराट ले सकते हैं राज्य के मंत्री पद की शपथ

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता छगन भुजबल और जयंत पाटिल तथा कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट बृहस्पतिवार को राज्य के मंत्रियों के तौर पर शपथ ले सकते हैं। दोनों दलों के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक उपमुख्यमंत्री का पद राकांपा विधायक अजित पवार को मिल सकता है।

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे यहां दादर इलाके के शिवाजी पार्क में बृहस्पतिवार शाम को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा था कि उनकी पार्टी, शिवसेना और कांग्रेस से एक-एक या दो-दो विधायक समारोह में मंत्री पद की शपथ लेंगे। राकांपा के एक सूत्र ने कहा कि भुजबल और पाटिल राकांपा से मंत्री हो सकते हैं। अजित दादा उपमुख्यमंत्री हो सकते हैं। लेकिन, वह आज संभवत: शपथ नहीं लेंगे। कांग्रेस से एक सूत्र ने कहा कि थोराट भी आज शपथ ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण बृहस्पतिवार को मंत्री पद की शपथ लेने वाले कांग्रेस से दूसरे नेता हो सकते हैं।

सूत्र ने कहा कि लेकिन, इस पर फैसला कुछ घंटों में लिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष के लिए अशोक चव्हाण और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के नाम की चर्चा है। शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने के लिए ‘महा विकास अघाड़ी’ मोर्चे के तहत साथ आए थे।