बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 19, 2024
उत्तर प्रदेश

एटा में बड़ा हादसा, कैंटर ट्राली पलटने से 14 की मौत

  • May 5, 2017
  • 1 min read
एटा में बड़ा हादसा, कैंटर ट्राली पलटने से 14 की मौत

एटा। उत्तर प्रदेश में एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के सराय नीम के पास आज तड़के टीका चढ़ाकर लौट रहे लोगों से भरी एक कैंटर ट्राली के पतली नहर में जा गिरने से उस पर सवार 14 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 28 अन्य घायल हो गये। मरने वाले लोग आगरा जनपद के एक ही परिवार के सदस्य हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगरा जिले के डौकी थानाक्षेत्र के गांव नगरिया अहीर निवासी प्रेमसिंह की बेटी कल्पना का लग्न-टीका गुरुवार को जलेसर के नगला लालसिंह निवासी सुरेश चंद्र के पुत्र राममिलन के लिए आया था। इस समारोह के लिए प्रेमसिंह के परिजन, रिश्तेदार व गांव के करीब 60 लोग गांव के ही एक व्यक्ति रवि के कैंटर से आए थे।
उन्होंने बताया कि भोर करीब साढ़े तीन बजे जब सभी परिजन नगरिया अहीर लौट रहे थे, तभी जलेसर-आगरा मार्ग स्थित सराय नीम के पास तेज रफ्तार होने के चलते अंधे मोड़ पर यह कैंटर अनियन्त्रित होकर एक रजवाह में गिर गया। इस दुर्घटना में 65 वर्षीय गिरन्दसिंह, 12 वर्षीय प्रशान्त, 21 वर्षीय लवकुश उर्फ कलुआ, 23 वर्षीय मुकेश, 25 वर्षीय नेत्रपाल, 50 वर्षीय पदमसिंह पुत्र शोभाराम, 19 वर्षीय ओमवीर, 50 वर्षीय शैतान सिंह, 40 वर्षीय पदम सिंह पुत्र अंगूरी लाल, 45 वर्षीय बनी सिंह, 60 वर्षीय राजेन्द्र, 22 वर्षीय विजय, 35 वर्षीय प्रवेन्द्र फौजी, 25 वर्षीय संजू की मौत हो गयी।
इसके अलावा 20 वर्षीय रामरज, 19 वर्षीय सुरेन्द्र, 22 वर्षीय छोटू, 18 वर्षीय आकाश, 14 वर्षीय विजय, 22 वर्षीय धीरेन्द्र, 12 वर्षीय शिवम, 45 वर्षीय ताराचंद, 21 वर्षीय अमित, 19 वर्षीय विनय, 30 वर्षीय कंचन, 14 वर्षीय निरोती, 45 वर्षीय राकेश, 48 वर्षीय जनक सिंह, 30 वर्षीय जितेन्द्र, मातादीन, 12 वर्षीय विजय पुत्री जनक सिंह, 35 वर्षीय पिंटू, 45 वर्षीय श्रीकृष्ण, 30 वर्षीय रवि, 12 वर्षीय योगेन्द्र व 14 वर्षीय दीपू के अलावा 6 अन्य लोग घायल हुए हैं।