सभी पार्षदों को दिलाई केजरीवाल ने पार्टी नहीं छोड़ने की शपथ, बोले- चंडीगढ़ के लोगों ने दिल्ली को देखकर दिया वोट

चंडीगढ़। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नगर निगम चुनाव में जीत का जश्न मनाने के लिए गुरुवार को विजय मार्च में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब से चंडीगढ़ के नतीज़ें आए हैं लोग कह रहे हैं कि दोनों पार्टियों को हराया जा सकता है। चंडीगढ़ के लोगों ने दिल्ली को देखकर वोट दिया। जैसे दिल्ली को देखकर और जगह वोट मिल रहा है। अब चंडीगढ़ में इतना अच्छा काम करना है कि चंडीगढ़ को देखकर देश की बाकी जनता हमें वोट दें। दिल्ली हमें पहला राज्य मिला था और चंडीगढ़ में पहली नगरपालिका मिली है।
FIRST TIME IN INDIA 🇮🇳
— AAP (@AamAadmiParty) December 30, 2021
Newly elected Municipal corporators of Chandigarh take oath to serve the public with 100% honesty, along with AAP National Convenor @ArvindKejriwal:#ChandigarhJhaakiPunjabBaaki pic.twitter.com/IXK1iG3yiS
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के एक-एक पार्षद के ऊपर हमारी जिम्मेदारी है। मैं सभी पार्षदों से कहना चाहता हूं कि चुनाव के समय राजनीति होती है और अब चुनाव खत्म हो गया है। हमें किसी के साथ भेदभाव नहीं करना है। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल वाले सभी अपने हैं और हमें सभी का काम करना है। उन्होंने कहा कि अकाली दल का कोई वोटर है या फिर भाजपा का उनका हमें ज्यादा काम करना है, ताकि अगली दफा वो हमें ही वोट दें। इसी बीच केजरीवाल ने सभी 14 पार्षदों को शपथ दिलाई।
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में AAP की शानदार जीत के बाद चंडीगढ़ की जनता के साथ ‘विजय यात्रा’ | LIVE https://t.co/EnDDQQ9VqC
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 30, 2021
उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर की कसम खाता हूं कि चंडीगढ़ के लोगों की तन, मन और धन से पूरी तरह सेवा करूंगा। जो विश्वास चंडीगढ़ के लोगों ने मुझपे किया है, उसे कभी टूटने नहीं दूंगा। मैं पूरी ईमानदारी से काम करूंगा, मैं कभी रिश्वत नहीं लूंगा, कोई गलत काम नहीं करूंगा और न ही किसी को गलत काम करने दूंगा। आम आदमी पार्टी मेरी मां के समान है और चंडीगढ़ के लोग मेरे परिवार के समान है। इसके साथ ही केजरीवाल ने पार्षदों को आम आदमी पार्टी छोड़कर नहीं जाने की शपथ भी दिलाई।