बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
September 8, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

हाथरस सत्संग हादसे का मुख्य आरोपी मधुकर गिरफ्तार, भोले बाबा के वकील ने कहा सरेंडर किया

  • July 6, 2024
  • 1 min read
हाथरस सत्संग हादसे का मुख्य आरोपी मधुकर गिरफ्तार, भोले बाबा के वकील ने कहा सरेंडर किया

लखनऊ | हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ से हुई 121 मौतों के मामले में फरार मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर ने दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के वकील एपी सिंह ने दावा किया कि मधुकर को रात दस बजे यूपी पुलिस के विशेेष जांच दल को सौंप दिया है। हाथरस पुलिस मधुकर को यूपी के साथ राजस्थान व हरियाणा में तलाश करने का दावा कर रही थी। सरेंडर के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में मुख्य सेवादार मधुकर इकलौता नामजद आरोपी है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

भोले बाबा के वकील एपी सिंह ने कहा, मधुकर दिल्ली में इलाज करा रहा था। हम जांच में मदद करना चाहते हैं। सत्संग के लिए मधुकर ने ही प्रशासन से मंजूरी ली थी। कार्यक्रम का मुख्य आयोजनकर्ता भी वही था। उस पर गैर इरादतन हत्या, सबूत मिटाने समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

हाथरस पुलिस ने कहा-राह चलते किया गिरफ्तार
हाथरस के पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल ने बताया कि एक लाख के इनामी मधुकर की पुलिस टीम ने गिरफ्तारी कर ली है। यह गिरफ्तारी दिल्ली से राह चलते हुई है। अस्पताल से कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।

इनाम का दावा न करे-
हमने वादा किया था कि शुक्रवार तक मधुकर को जांच एजेंसियों को सौंप देंगे। वादे के तहत यूपी पुलिस को बुलाकर आत्मसमर्पण करा दिया। अग्रिम जमानत याचिका भी नहीं लगाई। मधुकर को हृदय रोग है, वह इलाज कराने दिल्ली आए थे। पुलिस जैसे चाहे उनसे पूछताछ कर सकती है। हमने समर्पण कराया, ताकि कोई गिरफ्तारी के लिए इनाम का दावा न करे।
-एपी सिंह, वरिष्ठ वकील