बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय

मोदीराज में एक और रेल दुर्घटना, औरैया में डम्पर से टकराई कैफियत एक्सप्रेस, सैंकड़ो यात्री घायल

  • August 23, 2017
  • 1 min read
मोदीराज में एक और रेल दुर्घटना, औरैया में डम्पर से टकराई कैफियत एक्सप्रेस, सैंकड़ो यात्री घायल

लखनऊ | मोदीराज में देश के लोग बुलेट ट्रेन के सपने संजोये हुए हैं लेकिन दूसरी ओर देश में रेल दुर्घटनाएं बढती जा रही है | अभी मुजफ्फरनगर में हुए रेल हादसे से लोग उबरे भी नहीं थे कि औरैया जिले में कैफियत एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी | पटरी से सटकर पड़े एक डम्पर से टकराकर कैफियत एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतर गए | घटना से यात्रिओं में हडकंप मच गया और चीख-पुकार मच गयी | हादसा देर रात्रि हुआ जब लगभग सभी यात्री नींद में थे | एक और रेल दुर्घटना ने सबसे सुरक्षित सफ़र कहे जाने वाली रेल यात्रा पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है | रेल मंत्री सुरेश प्रभु की रेल अब दुर्घटनाओ का शिकार हो रही है |

खबर के अनुसार यह ट्रेन हादसा रात करीब 2 बजकर 40 मिनट पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेन एक डंपर (HR63 B 9175) से टकरा गई।आजमगढ़ से दिल्ली आ रही 12225 (अप) कैफियत एक्सप्रेस औरैया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। उत्तरी-मध्य रेलवे के प्रवक्ता के मुताबिक दुर्घटना की वजह से ट्रेन के इंजन सहित 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। अभी  तक  घटना में 100 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में से दो यात्री बुरी तरह से घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य पूरा हो चुका है। उत्तरी-मध्य रेलवे के सीपीआरओ बिजय कुमार के मुताबिक दुर्घटना में घायल 50 लोगों को औरैया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके मुताबिक दुर्घटना में अब तक किसी भी यात्री के मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही दिल्ली से मेडिकल रिलीफ ट्रेन भी मौके के लिए रवाना कर दी गई थी। रेल दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के बड़े अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए थे।

औरैया के डीएम और एसपी मौके पर मौजूद हैं। घायलों की मदद के लिए औरैया, इटावा और कन्नौज से एंबुलेंस और पुलिस बल मंगा लिए गए हैं। राहत कार्य के लिए लखनऊ से एनडीआरएफ की एक टीम भी रवाना हो चुकी है। उधर आजमगढ़ में रेल दुर्घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के परिजन अपनों की सलामती की खबर पता करने स्टेशन पहुंचने लगे हैं। अछल्दा और पाता रेलवे स्टेशन के बीच एक मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर रेल फाटक पार कर रहे एक डंपर से ट्रेन का इंजन टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। बताया जा रहा है कि डंपर चला रहे ड्राइवर को नींद आ जाने के चलते यह भीषण दुर्घटना घटी। डंपर फ्रेट कोरिडोर के लिए काम कर रहा था और उसमें रेत भरी हुई थी।

यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल से इस घटना को लेकर जो जानकारी साझा की गई है उसके मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं। बता दें कि अभी शनिवार को ही पुरी से हरिद्वार जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस मुजफ्फरनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्वीट कर बताया कि वे हालात पर खुद नजर बनाए हुए हैं। कुछ यात्रियों को चोटें लगी हैं।अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। कैफियत ट्रेन हादसे के बाद अब मोदी सरकार और सुरेश प्रभु की किरकिरी ज्यादा हो सकती है |

हेल्पलाइन नंबर रेलवे ने जारी किया

FD : 05278-222603 SHG : 9794839010 लखनऊ : 9794830975 लखनऊ : 0522-2237677 आजमगढ़ : 9794843929