बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 28, 2024
उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री को पालिका और टाउन एरिया के लिए मांगना पड़ रहा वोट—अखिलेश

  • November 17, 2017
  • 1 min read
मुख्यमंत्री को पालिका और टाउन एरिया के लिए मांगना पड़ रहा वोट—अखिलेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चल रहे स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का चुनाव प्रचार करने के लिए चुनावी जनसभाएं कर रहे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री को पालिका और टाउन एरिया के लिए वोट मांगना पड़ रहा है। जबकि इंटेलीजेंस ही बता सकती है कि उनकी जनसभाओं में कितनी भीड़ आ रही है। हमारे यहां तो हमारे पार्टी कार्यकर्ता और नेता निकाय चुनाव की व्यवस्था देख रहे हैं। उनका कहना था कि इस निकाय चुनाव में ही पार्टी कार्यकर्ताओं की भी परीक्षा हो जायेगी। अखिलेश शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर कुछ लोगों को समाजवादी पार्टी में शामिल करने के दौरान पत्रकारों से मुखातिब थे। इस दौरान अखिलेश ने भाजपा की नीतियों और उनकी सरकार के कार्यां को जमकर कोसा।

अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार ने अपने अभी तक के कार्यकाल में एक भी ऐसा कार्य नहीं किया जिसे जनता के बीच अपनी उपलब्धियों में गिनाया जा सके। गुजरात मॉडल का तो अता-पता हीं नहीं है। नोटबंदी से अर्थव्यवस्था को कोई लाभ नहीं हुआ तो जीएसटी ने पूरी तरह से व्यापारियों को मायूस किया है। सरकार को जीएसटी में आये दिन फेरबदल करना पड़ रहा है।
अखिलेश ने कहा कि कूडे़ को संवारने से भाजपा का पुराना संबंध है क्योंकि अधिकतर मेयर पदों पर इनका ही कब्जा रहा है। बावजूद इसके प्रदेश की ऐसी दुर्व्यवस्था है। हाथ में ग्लब्स और चेहरे पर मास्क लगाने से सफाई नहीं हो जाती। अखिलेश ने एक बार फिर भाजपा के संकल्प पत्र को छल पत्र बताया और कहा कि ओपीएम की पुड़िया से खुशहाली नहीं आने वाली। उन्होंने कहा कि केवल रंग बदलने से प्रदेश में खुशहाली नहीं आयेगी।

अखिलेश ने कहा कि काम के मामले में सपा का मुकाबला योगी सरकार नहीं कर सकती। कहा कि काम का नहीं बल्कि लोगों में नफरत फेलाने का रास्ता अपना रही है भाजपा। अखिलेश ने सवालिया अंदाज में कहा कि नई सरकार अपने काम का बजट तो बताये।
सूबे की कानून-व्यवस्था को काफी खराब बताते हुए अखिलेश ने कहाकि पानी छिड़काने से प्रदूषण कम नहीं हो जायेगा। अखिलेश ने कहा कि उनके नौजवानों-छात्रों के प्रकोष्ठों का कहना है कि अखिलेश से अच्छा कोई मुख्यमंत्री नहीं है। कहा कि बड़ी संख्या में नौजवान सपा की ओर देख रहा है। बसपा से गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि हमारा रिश्ता किसी से खराब नहीं है। सपाई रिश्ता बनाने में सबसे आगे रहते हैं। कोई रिश्ता बनाना तो चाहे।