पटना | राजद की रैली में शामिल होने के लिए पटना पहुंचे अखिलेश यादव ने गांधी मैदान में मंच से अपने संबोधन के दौरान कहा कि भाजपा डिजीटल पार्टी है और पार्टी के नेता कमरे में बैठकर देख रहे होंगे कि गूगल पर यहां की क्या तस्वीर है | उन्होंने कहा कि हमें देश को बचाना है तो भाजपा को भगाना है | अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा, भाजपा ने किसानों और गरीबों को पीछे करने का काम किया है | हम भाजपा से यह पूछना चाहते है कि तीन साल से ज्यादा का समय निकल गया है और किसान-गरीबों के जीवन में क्या बदलाव आया है | भाजपा को लगता है कि डिजीटल मीडिया का सहारा लेकर चुनाव जीत जायेंगे |
इस दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि हम तो एक हो गये है, आप भी एक हो जाएं | बाढ़ के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा और नीतीश कुमार पर हमला तेज करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बाढ़ आयी नहीं है बल्कि लाया गया है | जीएसटी और नोटबंदी से कितने लोग बेरोजगार हुए इस बारे में भाजपा को बताना चाहिए | भाजपा पर हमला तेज करते हुए अखिलेश ने कहा कि अगर बिहार की धरती भाजपा का रथ रोक सकती है ये धरती तो भाजपा को भी रोक सकती है |
बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजद की ‘देश बचाओ-भाजपा भगाओ रैली’ शुरू हो गयी है | राजद की इस रैली में शामिल होने के लिए जदयू के बागी शरद यादव, कांग्रेस के गुलाब नबी आजाद, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत लालू परिवार के तमाम सदस्य मौजूद है | पटना के गांधी मैदान में राजद समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा है | बिहार में महागठबंधन सरकार के बिखरने और राजद के सत्ता से बेदखल होने के बाद पूरे देश की नजरें इस रैली पर टिकी हुई है | भाजपा विरोधी रैली में शामिल होकर शरद यादव एक तरह से जदयू को कार्रवाई के लिए चुनौती देने की तैयारी कर चुके हैं|