बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
पंजाब राष्ट्रीय

राम रहीम ने अपने समर्थको को शांति बनाए रखने के लिए कहा

  • August 24, 2017
  • 0 min read
राम रहीम ने अपने समर्थको को शांति बनाए रखने के लिए कहा

चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने आज कहा कि वह शुक्रवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे। अदालत में कल उनके खिलाफ यौन शोषण मामले में फैसला सुनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की। पंचकुला में सीबीआई की अदालत ने गुरमीत राम रहीम से कहा कि मामले पर फैसला सुनाये जाने के दौरान वह कल अदालत में उपस्थित रहें।

रहीम ने आज ट्वीट किया, ‘‘मैंने हमेशा कानून का सम्मान किया है। हालांकि मेरे पीठ में दर्द है, फिर भी कानून का पालन करूंगा और अदालत जाऊंगा। मेरा ईश्वर में पूर्ण विश्वास है। हर किसी को शांति बनाए रखनी चाहिए।’’ पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों पर सीबीआई ने 2002 में डेरा प्रमुख के खिलाफ यौन उत्पीड़न का एक मामला दर्ज किया था। ऐसा दो साध्वियों का गुरमीत राम रहीम द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाले एक गुमनाम पत्र के सामने आने के बाद किया गया। डेरा प्रमुख ने इन आरोपों का खंडन किया है।
हरियाणा और पंजाब दोनों ने कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते हाई अलर्ट घोषित कर रखा है। अर्द्धसैनिक बलों की कई कंपनियां दोनों राज्यों में पहुंच गयी हैं और इनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किये गये हैं। दोनों राज्यों के संवेदनशील जिलों में सुरक्षा बलों ने आज फ्लैग मार्च निकाला। यहां पर धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा आदेश लागू कर दिया गया और अगले दो दिनों के लिए शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। एहतियाती उपाय के तहत कई मार्गों पर बस सेवा बंद कर दी गई है। इंटरनेट पर पाबंदी लगाने के आदेश भी जारी किये गये हैं। फैसला सुनाये जाने से पूर्व पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से पूर्व डेरा सच्चा सौदा के समर्थक भारी संख्या में पंचकुला में डेरा जमाए हुये हैं।