बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
September 14, 2024
खेल ब्रेकिंग न्यूज़ मनोरंजन

ParisOlympics : इस बार भारत का रैंक 70 के नीचे, मिले सिर्फ छह पदक

  • August 12, 2024
  • 1 min read
ParisOlympics : इस बार भारत का रैंक 70 के नीचे, मिले सिर्फ छह पदक

पेरिस | भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में छह पदक जरूर जीते, लेकिन देश का प्रदर्शन रैंक के मामले में 2016 रियो ओलंपिक से भी खराब रहा। भारत ने इस साल 117 खिलाड़ियों के दल को पेरिस भेजा था। यह संख्या बिल्कुल रियो ओलंपिक के बराबर की थी। हमने पदक जरूर रियो से ज्यादा जीते, लेकिन रैंक में काफी पिछड़ गए। भारत पेरिस में 71वें स्थान पर रहा। ओलंपिक में 24 साल बाद ऐसा हुआ जब भारत का रैंक 70 से नीचे पहुंचा हो। इससे पहले साल 2000 सिडनी ओलंपिक और 1996 अटलांटा ओलंपिक में भारत का रैंक 71वां रहा था। वहीं, रियो 2016 में भारत 67वें और 2004 एथेंस में भारत 65वें स्थान पर रहा था। भारत ने अब तक ओलंपिक में 10 स्वर्ण, 10 रजत और 21 कांस्य समेत कुल 41 पदक जीते हैं।

भारत ने पहली बार साल 1900 पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लिया था और तब दो पदक जीते थे और 17वें स्थान पर रहे थे। 1904 सेंट लुईस, 1908 लंदन और 1912 स्टॉकहोम ओलंपिक में भारत ने हिस्सा ही नहीं लिया था। 1920 एंटवर्प ओलंपिक और 1924 पेरिस ओलंपिक में भारत ने कोई पदक नहीं जीते। 1928 एम्सटरडैम ओलंपिक में भारत ने एक पदक, 1932 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में एक पदक, 1936 बर्लिन ओलंपिक में एक पदक, 1948 लंदन ओलंपिक में एक पदक, 1952 हेलसिंकि ओलंपिक में दो पदक जीते थे। इसके अलावा 1956 मेलबर्न, 1960 रोम, 1964 टोक्यो, 1968 मेक्सिको, 1972 म्यूनिख और 1980 मॉस्को ओलंपिक में भारत ने एक-एक पदक ही जीता। 1976 मॉन्ट्रियल ओलंपिक, 1988 सियोल और 1992 बार्सिलोना ओलंपिक में भारत को कोई पदक नहीं मिला था। 2008 बीजिंग ओलंपिक में भारत ने एक स्वर्ण समेत तीन पदक जीते और भारत का रैंक 50 रहा था। 2012 लंदन ओलंपिक में भारत ने छह पदक जीते और रैंक 55 रहा था। 2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत का रैंक 48 रहा था। भारत ने इसमें सात पदक जीते थे और यह पदक के मामले में भारत का सबसे सफल ओलंपिक रहा था।

भारत ने ओलंपिक में सबसे ज्यादा पदक फील्ड हॉकी में जीते हैं। इस खेल से देश को आठ स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य समेत 13 पदक मिले हैं। इसके बाद भारत को ओलंपिक में सबसे ज्यादा आठ पदक कुश्ती में मिले हैं। एथलेटिक्स यानी ट्रैक एंड फील्ड में चार पदक, शूटिंग में सात पदक, बैडमिंटन में तीन पदक, भारोत्तोलन में दो पदक, मुक्केबाजी में तीन पदक और टेनिस में एक पदक मिला है। 2024 पेरिस ओलंपिक में भारत ने हॉकी, एथलेटिक्स, शूटिंग और कुश्ती में तो पदक जीते, लेकिन बैडमिंटन, भारोत्तोलन, मुक्केबाजी और टेनिस में भारत को कोई पदक नहीं मिले।