पत्नी निकिता गुरुग्राम से, मां और भाई प्रयागराज से गिरफ्तार; अतुल सुभाष सूसाइड केस में बड़ा एक्शन
खबर मिली है कि अलग रह रही पत्नी निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा और भाई अनुराग को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
अतुल सुभाष सुसाइड केस में अलग रह रही पत्नी निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा और भाई अनुराग को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पत्नी निकिता को गुरुग्राम से अरेस्ट किया गया, जबकि मां और भाई प्रयागराज से गिरफ्तार किए गए हैं। अतुल ने कुछ दिनों पहले ही निकिता और उनके परिवार पर उत्पीड़न और जबरन वसूली का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। सिंघानिया को अदालत में पेश किया गया है। सूत्रों के मुताबिक सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
शुक्रवार को बेंगलुरु पुलिस ने निकिता सिंघानिया के जौनपुर में स्थित मकान पर नोटिस लगाया था। नोटिस में 3 दिन में बयान दर्ज करने के लिए कहा गया था। इलाहाबाद हाईकोर्ट में निकिता सिंघानिया, निशा सिंघानिया और अनुराग सिंघानिया की तरफ से अंतरिम जमानत के लिए अर्जी डाली गई है।
अतुल ने 23 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था
बता दें कि पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने और न्याय व्यवस्था में खामी का आरोप लगाकर सुसाइड करने वाले एआई इंजीनियर अतुल सुभाष ने डेढ़ घंटे के वीडियो के साथ 23 पेज का एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसमें उन्होंने शादी की शुरुआत से लेकर पत्नी से विवाद के बाद खुद पर लगे एक-एक केस और सुसाइड की ओर ढकेलने वाले हर प्वाइंट को विस्तार से समझाया था। अतुल ने आत्महत्या से पहले खुद पर दहेज उत्पीड़न से लेकर हत्या समेत कई मामले दर्ज करने से लेकर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप अपनी पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा, पत्नी के भाई अनुराग और पत्नी के चाचा सुशील पर लगाया है।
पुलिस ने लगाया था नोटिस
गौरतलब है कि बेंगलुरु पुलिस की एक टीम शुक्रवार को यूपी के जौनपुर पहुंची थी जहां पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया, साला और अन्य लोग रहते हैं। हालांकि, जब पुलिस वहां पहुंची तो उसे निकिता के घर पर ताला लटकता मिला। क्योंकि, निकिता की मां निशा और उसका भाई अनुराग एक दिन पहले ही घर बंद कर रात के अंधेरे में कहीं निकल गए थे। ऐसे में पुलिस ने घर पर नोटिस चस्पा कर दिया था। नोटिस में लिखा था कि बेंगलुरु में दर्ज केस में अपना बयान दर्ज करवाएं।
अतुल सुभाष पर भी केस
मालूम हो कि अतुल सुभाष पर पत्नी निकिता सिंघानिया की ओर से जौनपुर की कोर्ट में कुल पांच मुकदमे दायर किए गए थे। जिसमें निकिता सिंघानिया ने तलाक का मुकदमा और सीजेएम कोर्ट में हत्या, मारपीट और अप्राकृतिक यौन संबंध के मुकदमे को बाद में वापस ले लिया था। जौनपुर की अदालत में इस समय अतुल सुभाष पर तीन मुकदमे चल रहे है। इसमें एक मुकदमा दहेज प्रथा और मारपीट का लंबित है जिस पर अगली सुनवाई 12 जनवरी 2025 को है।