बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
February 5, 2025
दिल्‍ली दिल्ली-एनसीआर ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राष्ट्रीय विशेष

आम लोग भी दे सकेंगे कल श्रद्धांजलि

  • December 27, 2024
  • 1 min read
आम लोग भी दे सकेंगे कल श्रद्धांजलि

देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात राजधानी नई दिल्ली में निधन हो गया। कांग्रेस नेता और आर्थिक सुधारों के प्रणेता सिंह के निधन पर देश दुनिया की हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है. इस बीच तमाम दिग्गज पूर्व प्रधानमंत्री के साथ अपने पुराने दिनों के किस्सों को याद कर रहे हैं। चारों ओर शोक का माहौल है। सभी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

मनमोहन लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।

राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया

इस बीच, कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।

”भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी आज हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति हैवे अत्यंत विनम्र, सहज और सरल थे। मुख्यमंत्री रहते हुए मुझे कई विषयों पर सदैव उनका मार्गदर्शन मिला। डॉ. साहब शुचितापूर्ण राजनीति के पर्याय थे। 90 के दशक में उनकी उदारीकरण की नीतियां भारतीय अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैंसचमुच वह महान थे, निश्चय ही उनका जाना भारतीय राजनीति की बड़ी क्षति है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि!” – नेता शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी नेता

सरदार मनमोहन सिंह जी ने जो सम्मान दिया, वैसा राजनीति में कम ही लोग प्रेरित करते हैं। उनकी ईमानदारी हमारे लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी और वह हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे जो वास्तव में इस देश से प्यार करते हैं, एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ रहे। वह अंत तक वास्तव में समतावादी, बुद्धिमान, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और साहसी थे। राजनीति की कठिन दुनिया में एक अद्वितीय प्रतिष्ठित और सज्जन व्यक्ति। – प्रियंक गांधी, सांसद

“मनमोहन सिंह जी ने बहुत ही ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया. मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है।” – राहुल गांधी, नेता विपक्ष

“निस्संदेह, इतिहास आपको सदैव सम्मानित नजर से देखेगा, डॉ. मनमोहन सिंह जी!” – मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस अध्यक्ष

“पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज रात निधन होनेे की ख़बर अति-दुखद. भारत की अर्थव्यवस्था सुधार में उनका ख़ास योगदान रहा. वे नेक इंसान थे।” – मायावती, पूर्व मुख्यमंत्री

“उन्होंने आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी, उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।” – नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

“मनमोहन सिंह जी हमेशा कहते थे कि ‘राजनीति करो, लेकिन नीति मत भूलो।’ वे ऐसे राजनेता थे, जिनका मानना था कि काम खुद बोलेगा।” – संदीप दीक्षित, काँग्रेस नेता

“पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।” – अमित शाह, गृह मंत्री

मनमोहन का पार्थिव शरीर कल कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। जानकारी के मुताबिक, मनमोहन का अंतिम संस्कार कल होगा। उनकी बेटियां आज शाम तक अमेरिका से भारत आ जाएंगी। अंतिम संस्कार किस जगह होगा, इसका फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) करेगा।