बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 29, 2024
उत्तर प्रदेश

आगरा पहुंचे सीएम योगी, ताजमहल विवाद खत्म करने की कोशिश होगी

  • October 26, 2017
  • 1 min read
आगरा पहुंचे सीएम योगी, ताजमहल विवाद खत्म करने की कोशिश होगी

लखनऊ। योगी ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंचेंगे और एएसआई का प्रेजेंटेशन भी देखेंगे। सीएम आदित्यनाथ योगी गुुरुवार सुबह आगरा पहुंचे। योगी 7 घंटे आगरा में रहेंगे जबकि 30 मिनट ताजमहल में बिताएंगे। ताजमहल पर विवाद बढ़ने के बाद योगी के इस दौरे को डैमेज कंट्रोल माना जा रहा है।
कहा जा रहा है कि विवाद को खत्म करने के लिए इस दौरे को प्लान किया गया। बीजेपी विधायक संगीत सोम के ताजमहल पर दिए गए बयान के बाद विवाद शुरू हुआ था। सीएम बनने के बाद योगी की पहली आगरा विजिट…
सीएम बनने के बाद पहली बार आगरा जा रहे योगी ताजमहल के अलावा फतेहपुर सीकरी आगरा का किला और दूसरे स्मारकों को भी देखने जाएंगे।
योगी आगरा फोर्ट से ताजमहल के बीच रिवाईटलाईसेशन ऑफ शाहजहां पार्क और टूरिस्ट वॉक-वे का शिलान्यास करेंगे। जानकारों की मानें तो आगरा दौरे पर सीएम योगी ताज विवाद को खत्म करने की कोशिश करेंगे। इस दौरान योगी ताज प्रोजेक्ट का रिव्यू भी करेंगे। दरअसल ताज प्रोजेक्ट वर्ल्ड बैंक की मदद से चलने वाले वह प्रोजेक्ट हैं जिससे ताजमहल के आसपास के इलाके का डेवलपमेंट हो सके।
ताजमहल से लेकर आगरा किले तक दो किमी के रास्ते पर कॉरिडोर बनाने की बात की गयी थी। इस कॉरिडोर में शॉपिंग-टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स एम्यूजमेंट पार्क और रेस्त्रां बनाए जाने हैं।

संगीत सोम ने दिया था विवादित बयान
बीजेपी एमएलए संगीत सोम ने ताज महल को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था ये कैसा इतिहास किस काम का इतिहास जिसमें अपने पिता को ही कैद कर डाला गया था। मुगल शासक बाबर अकबर और औरंगजेब गद्दार थे और इनका नाम इतिहास के पन्नों से निकाल दिया जाएगा।
ताज महल को बनवाने वाले ने अपने पिता को कैद किया था और अपने राज में बहुत से हिंदुओं का सर्वनाश किया था।
ताज महल को लेकर क्या है विवाद?
हाल ही में यूपी की टूरिज्म मिनिस्ट्री से जारी बुकलेट में कुशीनगर और गोरखनाथ मंदिर जैसे कई स्थानों को शामिल किया गया लेकिन ताज महल का जिक्र नहीं किया गया। इस पर वि‍वाद शुरू हो गया।
विवाद के बाद यूपी टूरिज्म के डायरेक्टर अवनीश अवस्थी ने कहा बुकलेट में सिर्फ उन कामों का जिक्र है जो यूपी सरकार उन जगहों पर करवा रही है या आगे करवाने वाली है।

मामले को बढ़ता देख यूपी की टूरिज्म मिनिस्टर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि आगरा के ताज महल समेत राज्य के कल्चरल हेरिटेज का पूरी तरह डेवलपमेंट सरकार की प्रायोरिटी है। ताज महल हमारी सांस्कृतिक विरासत है और विश्व विख्यात पर्यटन स्थलों में से एक है। इस बुकलेट में पर्यटन विभाग की अन्य महत्वपूर्ण परियोजना शीर्षक के तहत (पेज संख्या-5) आगरा और ब्रज के विकास का जिक्र किया गया है।
रीता ने कहा आगरा को स्मार्ट सिटी मिशन के तहत डेवलप कराया जा रहा है। इन कोशिशों से पर्यटन के मानचित्र पर आगरा को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन की वेबसाइट पर ताज महल सबसे ऊपर दिखता है।

वहीं विवाद के बाद 2018 के लिए योगी सरकार ने हेरिटेज कैलेंडर में भी ताज महल को शामिल किया।
योगी ने कहा था- भारत माता के सपूतों के खून और पसीने से बना है ताज महल
17 अक्टूबर को गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा था यह महत्व नहीं रखता कि इसे (ताज महल) किसने और क्यों बनवाया। यह भारत माता के सपूतों के खून-पसीनों से बना है। इसकी सुरक्षा और पर्यटन की दृष्टि से आगे के विकास की जिम्मेदारी उत्तरप्रदेश सरकार की है।
ताज महल हमारे लिए बहुत अहमियत रखता है खासकर टूरिस्ट्स के लिए। हमारी प्राथमिकता यही है कि वहां सुविधाएं हों और टूरिस्ट सुरक्षित रहें।