बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
दिल्ली-एनसीआर ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

अरविंद केजरीवाल फिर बने ‘AAP’ के राष्ट्रीय संयोजक, इनको भी मिली बड़ी जिम्मेदारी-

  • September 12, 2021
  • 1 min read
अरविंद केजरीवाल फिर बने ‘AAP’ के राष्ट्रीय संयोजक, इनको भी मिली बड़ी जिम्मेदारी-

नई दिल्ली | दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को लगातार तीसरी बार आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक चुने गए। रविवार को हुई ‘आप’ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के तौर पर केजरीवाल के नाम को मंजूरी दी गई। वहीं, पार्टी नेता पंकज गुप्ता फिर से राष्ट्रीय सचिव और एनडी गुप्ता को फिर से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुने गए हैं। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने शनिवार को 34 सदस्यीय कार्यकारी निकाय का चुनाव किया था, जिसमें केजरीवाल भी शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2016 में केजरीवाल दूसरी बार पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक चुने गए थे। राष्ट्रीय संयोजक के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में उन्होंने 3 साल तक पार्टी की सेवा की, लेकिन 2019 में लोकसभा चुनाव और 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव को देखते हुए अरविंद केजरीवाल का कार्यकाल 2020 तक बढ़ा दिया गया। 2020 में कोरोना महामारी के कारण ‘आप’ की राष्ट्रीय परिषद की बैठक नहीं हो सकी थी। जनवरी 2021 में हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी के संविधान में संशोधन किया गया। इस संशोधन में राष्ट्रीय संयोजक का कार्यकाल 3 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दिया गया। उस समय जो संशोधन किया गया था, उसमें राष्ट्रीय संयोजक को दो कार्यकाल तक के लिए नियुक्त करने की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया था।

गौरतलब है कि शनिवार को हुई राष्ट्रीय परिषद की बैठक में चुने गए पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के 34 सदस्यों ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में केजरीवाल के चुनाव को मंजूरी दी। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पास पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक का चुनाव करने का अधिकार है। इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने रविवार सुबह अरविंद केजरीवाल को फिर से राष्ट्रीय संयोजक चुन लिया। अब अरविंद केजरीवाल अगले 5 साल तक आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होंगे।