बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
अन्य राज्य उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

कांग्रेस ने यूपी समेत सभी चुनावी राज्यों में रद्द कीं तमाम रैलियां, योगी ने भी कल की नोएडा रैली को किया कैंसिल

  • January 5, 2022
  • 1 min read
कांग्रेस ने यूपी समेत सभी चुनावी राज्यों में रद्द कीं तमाम रैलियां, योगी ने भी कल की नोएडा रैली को किया कैंसिल

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार में जोर-शोर से लगी कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी चुनावी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। यह फैसला यूपी के बरेली में कांग्रेस की ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ मैराथन में सैंकड़ों की संख्या में बिना मास्क के लड़कियों और महिलाओं के हिस्सा लेने और भगदड़ जैसे हालात बनने के बाद लिया गया है।

कोरोना संक्रमण का असर अब चुनावी रैलियों में भी दिखने लगा है। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगी कांग्रेस ने अपनी सभी बड़ी रैलियों को स्थगित कर दिया है। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण कांग्रेस ने ये फैसला लिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने यूपी में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन को भी टालने का फैसला लिया है।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और अन्य चुनावी राज्यों में बड़ी रैलियों को स्थगित करने का फैसला किया है। हमने राज्य इकाइयों से अपने राज्यों में कोविड स्थिति का आकलन करने और रैलियां आयोजित करने पर निर्णय लेने को कहा है।’ इसके अलावा यूपी कांग्रेस ने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन को भी स्थगित कर दिया है। नोएडा, वाराणसी और अन्य जिलों में 7-8 मैराथन रैली का आयोजन होना था।

गौरतलब है कि मंगलवार को बरेली में लड़की हूं लड़ सकती हूं मैराथन के दौरान भगदड़ मच गई थी। भगदड़ के कारण कई लड़कियां घायल हो गई थी। चोटिल लड़कियों को एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने घायल बच्चियों के इलाज की जानकारी 24 घंटे के अंदर देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी सात दिन के अंदर मांगी है।