बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश दिल्ली-एनसीआर ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राष्ट्रीय

विधनसभा चुनावः कांग्रेस ने जारी की पहली सूची, 50 महिलाओं को टिकट, उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता की मां शामिल

  • January 13, 2022
  • 1 min read
विधनसभा चुनावः कांग्रेस ने जारी की पहली सूची, 50 महिलाओं को टिकट, उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता की मां शामिल

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बताया कि “125 प्रत्याशियों की सूची है, जिसमें से 50 महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले प्रत्याशी हों।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि 50 महिला उम्मीदवारों में सहारनपुर से आशा कार्यकर्ता पूनम पांडेय को प्रत्याशी बनाया गया है। पूनम पांडेय ने मानदेय बढ़ाने के लिए आंदोलन किया था। 125 प्रत्याशियों में से 40 फीसदी महिलाएं और 40 फीसदी युवा हैं। इस ऐतिहासिक बदलाव के साथ हम राज्य में एक नई राजनीति का प्रारंभ करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि “हमने सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों में से एक रामराज गोंड को भी टिकट दिया है। इसी तरह आशा बहनों ने कोरोना में बहुत काम किया, लेकिन उन्हें पीटा गया। उन्हीं में से एक पूनम पांडेय को भी हमने टिकट दिया है।” कांग्रेस नेता ने डिजिटल प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “सूची में 40% महिलाएं और 40% युवा हैं। महिलाओं में कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री, कुछ संघर्षशील महिलाएं, ऐसी महिलाएं हैं जिन्होंने अपने जीवन में बहुत अत्याचार देखा और उसके खिलाफ लड़ा, कुछ समाजसेविकाएं हैं।” इनमें पार्टी विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद के साथ ही पांखुड़ी पाठक, सदफ़ जाफर के नाम शामिल हैं।

प्रियंका गांधी ने बताया कि “इस सूची में उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के ​जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें।” उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे। यूपी कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 125 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस मौके पर कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमारी 40 फीसदी उम्मीदवार महिलाएं होंगी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि 125 प्रत्याशियों की पहली सूची में 50 उम्मीदवार महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले लोग हमारे प्रत्याशी हों। उम्मीदवारों में उन्नाव से आशा सिंह हैं। सहारनपुर से आशा कार्यकर्ता पूनम पांडेय को प्रत्याशी बनाया गया है। पूनम पांडेय ने मानदेय बढ़ाने के लिए आंदोलन किया था। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हमारी भूमिका बढ़े, हमारी पार्टी मजबूत बने। हमने तय किया है कि हम नकरात्मक कैंपेन नहीं करेंगे। हम सकारात्मक मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। महिलाओं, दलितों, युवाओं के मसलों पर चुनाव लड़ेंगे ताकि प्रदेश आगे बढ़े। हमारे पास बहुत सी महिलाओं के आवेदन आए, उनमें से कई ऐसी हैं जिन्हें कभी मौका नहीं मिला। कई ऐसी हैं जिन्होंने बहुत संघर्ष किया है और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।

कई कांग्रेस नेताओं के पार्टी से जाने पर उन्होंने कहा कि आया राम गया राम हर चुनाव में, हर पार्टी में होता है। मुझे नहीं लगता कि यह कोई ऐसी चीज है जिससे किसी पार्टी को घबराना चाहिए। अगर हमारे साथी जाते हैं तो हमें लगता है कि वे हमारे संघर्ष से पीछे हट रहे हैं। अपनी सूची से हम संदेश देना चाहते हैं कि राजनीति का असली मकसद सेवा है। यह काफी हद तक बदल चुका है, लेकिन हम इस मकसद को वापस लाना चाहते हैं।