बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
April 16, 2024
राष्ट्रीय विशेष

हिन्दी दिवस : अंग्रेजी की दासता से आजादी चाहते हैं तो उठाएं ये पांच कदम

  • September 14, 2018
  • 1 min read
हिन्दी दिवस : अंग्रेजी की दासता से आजादी चाहते हैं तो उठाएं ये पांच कदम

लखनऊ| दुनियाभर में करीब 50 करोड़ लोग हिंदी बोलते और समझते हैं। आप भी चाहें तो हिंदी को अपनी रोजमर्रा के कामकाज में स्थान दे सकते हैं। आज तकनीक ने हमें ऐसी सुविधाएं और विकल्प प्रदान कर दिए हैं जिनके माध्यम से हम हिंदी की बोर्ड का ज्ञान न होने पर भी हिंदी में टाइपिंग कर सकते हैं। कई कंपनियां फोन में ही हिंदी लैटिन की बोर्ड की सुविधा देती हैं। इससे हम अंग्रेजी में टाइप करके हिंदी शब्द लिख सकते हैं। इसके लिए गूगल प्लेस्टोर पर जाएं और वहां सर्च बार में हिंदी कीबोर्ड खोजें। इसके बाद परिणामस्वरूप ढेरों एप आ जाएंगे, जिनसे हिंदी टाइपिंग करना संभव है।
दिन की शुरुआत सुप्रभात के साथ–
व्हाट्सएप पर अंग्रेजी में गुड मॉर्निंग लिखकर संदेश भेजने वाले लोग अपने संदेश को हिंदी में टाइप कर सकते हैं और सुप्रभात लिखकर दोस्तों और परिजनों को भेज सकते हैं।
कैसे करें-
फोन की सेटिंग्स में ‘इनपुट एंड लैग्वेंज’ के अंदर हिंदी का विकल्प मिलेगा, उसको क्लिक कर दें। अलग-अलग फोन हैंडसेट में सेटिंग्स के विकल्प अलग-अलग हो सकते हैं।
हिंदी में खोजें पसंदीदा रेस्टोरेंट और कारें खरीदारी–
शाम के वक्त अगर आप अच्छे खाने की तलाश में हैं तो हिंदी में सिर्फ खाने का नाम लिखना होगा उसके बाद उससे संबंधित रेस्टोरेंट और दुकानों की सूची आ जाएगी। साथ ही अब ऑनलाइन खरीदारी की सुविधा भी हिंदी में उपलब्ध हो गई है।
कैसे करें-
क्रोम ब्राउजर के सर्च बार में ‘डोसा खाना है’ लिखें। इसके बाद आस-पास मौजूद डोसा बनाने वाले रेस्टोरेंट की सूची आ जाएगी। ध्यान रखें कि फोन का लोकेशन फीचर ऑन हो। उधर, अमेजन ने अपनी वेबसाइट हिंदी में भी शुरू कर दी है।
हिंदी में भी मौजूद हैं कसरत के तौर-तरीके–
अगर आप सुबह के वक्त जिम जाने से बचने के लिए यूट्यूब पर फिटनेस वीडियो देखते हैं तो चलिए आपको बता दें अब आप हिंदी में पढ़कर भी कसरत की जानकारी जुटा सकते हैं। आपके लिए गूगल प्लेस्टोर पर ढेरों एप मौजूद हैं। इन्हें खोजकर आप अपनी सेहत का ख्याल रख सकते हैं।
कैसे करें–
गूगल प्लेस्टोर पर Gym Guide in Hindi एक ऐसा ही एप है। इसमें 100 से भी अधिक व्यायाम के बारे में बताया गया है। कसरत और उनके फायदे क्या हैं, उसके बारे में जानकारी दी गई है। आप अपनी जरूरत के मुताबिक व्यायाम का चयन कर सकते हैं।
रास्ते में जाम की जानकारी हिंदी में–
आप कॉलेज या दफ्तर जाने से पहले ट्रैफिक का हाल जानने के लिए गूगल मैप्स का इस्तेमाल करते हैं तो अब इस काम में हिंदी आपकी मदद करेगी। हिंदी में लिखकर जगह खोज सकते हैं।
कैसे करें–
इसके लिए फोन की सेटिंग में लैंग्वेज एंड इनपुट वाले विकल्प पर जाकर फोन की भाषा को हिंदी में तब्दील किया जा सकता है, उसके बाद गूगल मैप्स का परिणाम हिंदी भाषा में नजर आएगा।
बिना सॉफ्टवेयर कंप्यूटर में पाएं हिंदी–
विंडोज में हिंदी कीबोर्ड ऑन करने के लिए आपको कंप्यूटर या लैपटॉप के ‘कंप्यूटर पैनल’ में Clock, Language, and Region में जाना होगा। इसके बाद Region and Language पर क्लिक कर दें। यहां ऊपर वाली पट्टी में चार नए बार (रेखाएं) दिखाई देंगे। पहले बार पर फॉर्मेट, दूसरे पर लोकेशन, तीसरे पर कीबोर्ड… और चौथे पर लैंग्वेंज एंड एडमिनिस्ट्रेटिव का विकल्प है। हिंदी कीबोर्ड पाने के लिए तीसरे नंबर के विकल्प ‘कीबोर्ड’ पर क्लिक करें। फिर चेंज कीबोर्ड पर क्लिक करें। एक और स्क्रीन बार खुलेगी, जिसमें ‘जनरल’ पर क्लिक करना होगा। यहां जाने के बाद हिंदी (इंडिया) के विकल्प पर जाएं। इसमें आपके ‘देवनागरी- इनक्रिप्ट’ और ‘हिंदी ट्रेडिशनल’ के बॉक्स दिखाई देंगे। किसी एक का चयन करें और ‘अप्लाई’ पर क्लिक करें। इससे कंप्यूटर में हिंदी कीबोर्ड का फीचर आ जाएगा। इसके लिए अलग फॉन्ट की जरूरत नहीं होगी। मंगल फॉन्ट माइक्रोसॉफ्ट की सभी विंडोज में डिफॉल्ट होता है।
कीबोर्ड को अंग्रेजी से हिंदी में बदलना काफी आसान–
माइक्रोसॉफ्ट के इस इनबिल्ट कीबोर्ड का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसे बड़ी ही आसानी से हिंदी से अंग्रेजी और अंग्रेजी से हिंदी में बदला जा सकता है। इसके लिए Shift+Alt बटन को एक साथ दबाना होता है। उदाहरण के तौर पर अगर आप हिंदी टाइपिंग कर रहे हैं तो Shift+Alt को दबाकर कीबोर्ड को अंग्रेजी में बदल सकते हैं। वहीं अगर आप अंग्रेजी में टाइपिंग कर रहे हैं तो Shift+Alt को दबाने से हिंदी में टाइपिंग शुरू कर कर सकते हैं। यह शॉर्टकट ऑनस्क्रीन कीबोर्ड पर भी लागू होते हैं।