मनमोहन सिंह का BJP पर बड़ा हमला, बोले- ‘जनता से किए वादे निभाने में मोदी सरकार नाकाम’

भोपाल | मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच चुका है। इसी कड़ी में आज पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान इस बात की गवाही देंगे कि मेरी पूर्ववर्ती सरकार ने मध्यप्रदेश से कभी भेदभाव नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता से किए वादे निभाने में नाकाम रही है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि किसान कर्ज के बोझ से दबे हैं, उन्हें फसल का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। मोदी सरकार पर हमला करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार का हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा सिर्फ जुमला बन कर रह गया है।
https://www.youtube.com/watch?v=0udhoylSPBo
मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार राफेल मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति नहीं बना रही है जिससे लगता है कि दाल में कुछ काला है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और खामीयुक्त जीएसटी से असंगठित क्षेत्र को बहुत नुकसान हुआ है। मनमोहन ने मध्यप्रदेश में व्यापमं को महाघोटाला बताते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार पर्याप्त रोजगार पैदा करने में नाकाम रही है।