बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय

माया के दौरे से सहारनपुर पर गंभीर हुई योगी सरकार, उपद्रवियों पर लगेगा रासुका

  • May 24, 2017
  • 1 min read
माया के दौरे से सहारनपुर पर गंभीर हुई योगी सरकार, उपद्रवियों पर लगेगा रासुका

सहारनपुर। बसपा सुप्रीमो मायावती के सहारनपुर दौरे के बाद यूपी सरकार सहारनपुर जातीय हिंसा  मामले को लेकर अब गंभीर हो गयी है | मायावती के जाने के बाद हुए बवाल के अरोपियो की धर पकड़ पुलिस ने शुरू कर दी है | सीएम योगी खुद स्थिति पर नजर रख रहे हैं और सूबे के बड़े अफसरों को सहारनपुर भेजा है | दलित और ठाकुर समुदाय में छिड़े जातीय संघर्ष को विराम मिलता नहीं दिख रहा है | सहारनपुर काण्ड से यूपी के विभिन्न जिलो में भी सुगबुगाहट तेज हो रही है | सूबे भर में दलित सवर्णों द्वारा सहारनपुर में हो रहे दलित उत्पीडन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं |

सहारनपुर जिले के बडगांव क्षेत्र के शब्बीरपुर गांव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती के दौरे के बाद दलितों पर हुए हमले में एक युवक की मृत्यु से इलाके में तनाव बना हुआ है। इस सिलसिले में पुलिस अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक आदित्य मिश्र ने आज यहां बताया कि शब्बीरपुर गांव में कल हुई घटना के बाद किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। उन्होंने बताया कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। अब तक पुलिस 25 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि किसी भी आरोपी को छोडा नहीं जायेगा। उन्होंने बताया कि कल हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक 20 वर्षीय आशीष की अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने बताया कि अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। गौरतलब है कि बसपा अध्यक्ष सुश्री मायावती ने कल शब्बीरपुर गांव में गत नौ मई को हुई घटना के बाद पीडित परिवार के लोगों से मुलाकात की थी। उनके जाने के बाद वहां फिर से दलितों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। प्रशासन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उपद्रवियो पर रासुका की कार्यवाही की जाएगी |
इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना के लिए दोषी व्यक्तियों को चिन्ह्ति कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से धैर्य और संयम बनाए रखने के साथ-साथ विपक्षी दलों समेत सभी लोगों से शान्ति बहाली में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में जो लापरवाही घटित हुई है, उससे सम्बन्धित अधिकारियों को दण्डित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) आदित्य मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ अमिताभ यश और पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) विजय भूषण सहारनपुर भेजे गये हैं। संभवत: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज सहारनपुर जायेंगे |