बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश राजनीति

प्रियंका गांधी ने की गोहरी कांड के पीड़ित परिवार से फोन पर बात, कहा- कांग्रेस खड़ी है आपके साथ

  • December 13, 2021
  • 1 min read
प्रियंका गांधी ने की गोहरी कांड के पीड़ित परिवार से फोन पर बात, कहा- कांग्रेस खड़ी है आपके साथ

प्रयागराज। प्रियंका गांधी की पहल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गंगापार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश यादव से फोन पर बात कर गोहरी कांड के पीड़ितों के बारे में जानकारी ली।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गोहरी कांड के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई हैं। शनिवार को उन्होंने न्यायिक मदद के लिए अधिवक्ताओं की टीम तो गांव में भेजी ही, फोन पर उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बात भी की। इस दौरान फोन पर प्रियंका ने दलित परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि इस संकट की घड़ी में पार्टी उनके साथ है और उनको न्याय हर हाल में दिलाया जाएगा।

प्रियंका गांधी की पहल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गंगापार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश यादव से फोन पर बात कर गोहरी कांड के पीड़ितों के बारे में जानकारी ली। दोपहर करीब 12 बजे प्रियंका ने खुद पीड़ित परिवार के लोगों से फोन पर बात की।

परिजनों ने प्रियंका को बताया कि परिवार दहशत में है। इस सामूहिक हत्याकांड में जान गंवाने वाले फूलचंद्र पासी के भाई एसएसबी के जवान किशन और उनकी पत्नी राधा देवी, बहन पूजा, रेखा सहित अन्य सदस्यों ने बारी -बारी से प्रियंका को स्थिति की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों का कहना था कि इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराई जाए। पीड़ितों से बात करने के कुछ देर बाद प्रियंका ने विधिक सहायता के लिए अधिवक्ताओं की टीम को घटनास्थल पर भेजा।

वहां अधिवक्ताओं ने परिजनों के बयान लिए। जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष मनोज पासी ने प्रियंका गांधी से सीधे संवाद कर गोहरी के पीड़ितों की न्यायिक मदद करने की गुहार लगाई थी जिसको पार्टी हाईकमान ने गंभीरता से लेते हुए लीगल टीम को मौके पर भेजा। इस दौरान सुरेश यादव, हसीब अहमद, मनोज पासी, शुभम शुक्ला, आशीष पांडेय, बृजेश सिंह, रोहित चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।