बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
March 12, 2025
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय

प्रशासन ने राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जाने से रोका

  • May 26, 2017
  • 1 min read
प्रशासन ने राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जाने से रोका

लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में जाने से रोक दिया गया है। सहारनपुर जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इंकार किया है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार ने आज बताया कि राहुल को सहारनपुर आने की अनुमति नहीं दी गयी है। कुमार को एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे के स्थान पर लाया गया है, जिन्हें सहारनपुर की जातीय हिंसा और संघर्ष के मद्देनजर 24 मई को निलंबित कर दिया गया था।

राहुल का शनिवार को शब्बीरपुर गांव जाने का कार्यक्रम था। जहां पांच मई को दलितों के मकानों को आग लगायी गयी थी। बसपा सुप्रीमो मायावती सहारनपुर हो आयी हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर कानून व्यवस्था बनाये रखने में विफल रहने का आरोप लगाया है। सहारनपुर में इस महीने कई बार जातीय संघर्ष देखने को मिला। करीब 40 दिन पहले अंबेडकर जयंती पर जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। पांच मई को दो समुदायों के बीच संघर्ष में एक व्यक्ति मारा गया और 15 अन्य घायल हो गये। नौ मई को करीब दर्जन भर पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया और 12 पुलिसकर्मी घायल हो गये जबकि 23 मई को एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी जबकि दो अन्य को घायल कर दिया गया। उसके बाद सरकार ने एसएसपी ओर जिलाधिकारी को निलंबित कर दिया जबकि मंडलायुक्त और पुलिस उप महानिरीक्षक के तबादले कर दिये।