UP: दूल्हे ने निकाह के समय नहीं हटाया सेहरा, दुल्हन ने किया शादी से इनकार

निकाहनामा के समय दूल्हे ने सेहरा हटाने से मना कर दिया तो लड़कीवाले भड़क गए। बार-बार कहने के बाद भी जब उसने सेहरा नहीं हटाया, तो लड़की पक्ष के लोगों ने खुद ही उसका सेहरा हटा दिया। दूल्हे का चेहरा देखकर सभी चौंक गए। मामला यूपी के कन्नौज जिले का है।
लोगों ने दूल्हे की फोटो खींचकर लड़की को दिखाई, तो उसने निकाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में अफरा-तफरी मच गई और सुलह-समझौते के प्रयास शुरू हो गए। लड़की अपनी जिद पर अड़ी रही। इस पर सोमवार दोपहर बाद बारात बैरंग लौट गई। बताया गया कि यह शादी लड़की की मां ने तय की थी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के पास इस तरह का कोई मामला नहीं आया था।