बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका की उ.कोरिया को चेतावनी, ‘औकात में रहो वर्ना कर देंगे तबाह’

  • August 10, 2017
  • 0 min read
अमेरिका की उ.कोरिया को चेतावनी, ‘औकात में रहो वर्ना कर देंगे तबाह’

नई दिल्ली। अमेरिका ने एक बार फिर उत्तर कोरिया को तबाह करने की धमकी दी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री ने उत्तर कोरिया को चेतावनी दी है। रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने कहा कि उत्तर कोरिया ऐसा कोई काम न करे जिससे वहां व्यवस्था परिवर्तन हो जाए और लोगों को तबाही का सामना करना पड़े। मैटिस ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ लड़ाई में उत्तर कोरिया टिक नहीं पायेगा।  आपको बता दें कि पेंटागन प्रमुख का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच जुबानी जंग चालू है। हाल में ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उत्तर कोरिया आग से खेल रहा है, उसे ऐसा जवाब देंगे कि सारी दुनिया देखेगी।

ट्रंप के इस बयान पर उत्तर कोरिया ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उसने अमेरिकी आईलैंड गुआम को तबाह करने की धमकी दी थी। हालांकि अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा कि अमेरिका को उत्तर कोरिया से कोई खतरा नहीं है। टिलरसन ने ट्रंप के उत्तर कोरिया को सबक सिखाने वाले बयान का भी बचाव किया। टिलरसन ने कहा कि उत्तर कोरिया को ट्रंप केवल संदेश देना चाहते थे। आपको बता दें कि बढ़ते गतिरोध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्वीट के जरिये अमेरिका के परमाणु हथियारों के बारे में लिखा था और यह भी कहा था कि उम्मीद करता हूं कि हमे इसके प्रयोग की जरूरत नहीं पड़ेगी।