बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राष्ट्रीय

कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना तो उदयपुर संकल्पों को करूंगा लागू : मल्लिकार्जुन खड़गे

  • October 12, 2022
  • 1 min read
कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना तो उदयपुर संकल्पों को करूंगा लागू : मल्लिकार्जुन खड़गे

लखनऊ | कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर वह पार्टी के आंतरिक चुनाव में जीते तो उदयपुर चिंतन शिविर के संकल्पों को अक्षरश: लागू करेंगे। पार्टी के भीतर आधे पद और चुनावों में भी 50 प्रतिशत टिकट 50 साल से कम उम्र के कार्यकर्ताओं के लिए मिलेंगे। इस दौरान उन्होंने भाजपा की राजनीति को विभाजनकारी बताते हुए उसके खिलाफ जमकर शब्दबाण चलाए।

खड़गे मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) से वोट मांगने आए थे। यहां प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सुझाव था कि वह चुनाव लड़ें। इससे पहले सोनिया गांधी ने स्पष्ट कह दिया था कि उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। जब उन्होंने (खड़गे ने) अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया तब सभी राज्यों के प्रमुख कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को बचाने के लिए वह चुनाव लड़ रहे हैं, क्योंकि संघ परिवार की विचारधारा समाज को तोड़ने वाली है।

खड़गे ने कहा कि राजीव गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा के नेता भयभीत हैं और उसे भारत तोड़ो यात्रा बता रहे हैं। जबकि, इस यात्रा को हर जगह जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी भी यात्रा के बाद रात्रि में सभी वर्गों और तबकों के प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी समस्याओं पर मंथन कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह राज्यों के निगम चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव में तक कई-कई दिन लगाते हैं। इससे समझा जा सकता है कि देश किस तरफ जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।

खड़गे ने कहा कि वह कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष भी रहे हैं। पार्टी ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष और मंत्री भी बनाया। पूरा भरोसा है कि अध्यक्ष पद का चुनाव भी जीतेंगे। उन्होंने कहा, मेरा कार्यकर्ताओं से वादा है कि जीतने पर उदयपुर के घोषणापत्र की हर घोषणा लागू होगी। हमारा संगठन लगातार मजबूत होता जा रहा है। भले ही यूपी में चुनाव में अपेक्षित परिणाम न मिले हों, लेकिन महासचिव प्रियंका गांधी ने यहां किसानों और अन्य पीड़ितों के लिए संघर्ष करके लोगों के दिलों में कांग्रेस के लिए अहम जगह बनाई है। उन्होंने पार्टी प्रतिनिधियों से उन्हें भारी बहुमत से जिताने की अपील भी की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी व डॉ. नासिर हुसैन, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी और संगठन सचिव अनिल यादव भी उपस्थित रहे।