बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश राजनीति राष्ट्रीय

आगरा में मिशन-2022 जीत की नींव रख गए जेपी नड्डा, ऐसे जीतेंगे UP-

  • August 9, 2021
  • 1 min read
आगरा में मिशन-2022 जीत की नींव रख गए जेपी नड्डा, ऐसे जीतेंगे UP-

आगरा | भाजपा मिशन 2022 में जुट गई है | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बूथ जीत लिया तो चुनाव जीत लिया। इसलिए मंडल को सक्षम और बूथ को सक्रिय करना होगा। मंडल स्तर के पदाधिकारी व्यवस्थाओं में सक्षम होंगे तो बूथ के कार्यकर्ता भी सक्रिय रहेंगे। बूथ स्तर पर मजबूती के लिए जिला महानगर इकाई के निर्देशन में मंडल, सेक्टर और बूथ पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के सम्मेलन होंगे।

भाजपा ब्रज क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में ‘बूथ विजय अभियान’ के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का रोडमैप तैयार किया गया। रविवार को आगरा में दो सत्रों में आयोजित बैठक के पहले सत्र में नड्डा ने कहा कि मेरा बूथ सबसे मजबूत नारे के दृष्टिकोण से पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर ध्यान लगाना होगा। जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी, तो आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित है। जिला एवं महानगर इकाई में कितने मंडल हैं, कितने सेक्टर है अैर कितने बूथ हैं, इन सबके हिसाब से सेक्टर प्रभारियों के सम्मेलन आयोजित होंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी पदाधिकारियों को प्रदेश सरकार के कार्यों की जानकारी देते हुए जनता तक योजनाओं को पहुंचाने का संदेश दिया। जिला-महानगर अध्यक्ष, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और विधायकों को आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा निर्देश दिए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी बूथ की मजबूती पर जोर दिया। बैठक को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, सह संगठन मंत्री करमवीर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी और क्षेत्रीय प्रभारी अश्विनी त्यागी ने भी संबोधित किया। संगठनात्मक बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जोर देते हुए पार्टी नेताओं से कहा कि निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें। अगर कोई नाराज है तो उस रूठे कार्यकर्ता को वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मनाएं। उसकी नाराजगी दूर करें।

16 से 20 तक जन आशीर्वाद यात्रा-
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 16 अगस्त से लेकर 20 अगस्त तक जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। ये यात्रा पूरे प्रदेश में निकलेगी। इसके लिए केंद्र के छह मंत्रियों को कमान दी गई है। वे पूरे यूपी में जाएंगे। एक मंत्री एक दिन में चार जिलों में यात्रा पूरी करेगा।

23 से शक्ति केंद्रों पर बूथ सत्यापन-
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 23 अगस्त से सभी शक्ति केंद्रों पर जिलों में बूथ सत्यापन का कार्य होगा। इसके लिए बूथ विजय करने के टिप्स देने होंगें ताकि हर हाल में आगामी विस चुनाव जीता जाए।

कार्यक्रमों की श्रृंखला से माहौल बनाएगी भाजपा-
विधानसभा चुनाव की बेला पर भारतीय जनता पार्टी ने कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की है, जिनके जरिये जनजन तक पहुंचने की तैयारी है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आम जनता से सीधे जुड़ने का आह्वान किया है।

9 से 15 अगस्त तक बैठकें चलेंगीं-
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक बैठकों का दौर चलाया जाए। जिलों में इसके लिए लगातार कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को बुलाकर सरकार की योजनाएं, आगे के विस चुनाव की तैयारियों से अवगत कराएं।

25 अगस्त से पन्ना प्रमुखों के होंगे सम्मेलन-
25 अगस्त से जिलों में पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित होगा जो आगामी 15 सितम्बर तक चलेगा। हर वोटर लिस्ट के एक पन्ने पर दर्ज वोटरों पर ये पन्ना प्रमुख अपनी नजर रखेगा। पन्ने के 60 वोटरों में से किसी का वोट तो नहीं कटा, वोट डलवाने के लिए बूथ तक लाने आदि की जिम्मेदारी उसी की रहेगी।