बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय

योगी सरकार के नए 7 मंत्रियों को मिला काम, देखें लिस्ट-

  • September 28, 2021
  • 1 min read
योगी सरकार के नए 7 मंत्रियों को मिला काम, देखें लिस्ट-

लखनऊ | योगी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए सात नए मंत्रियों को सोमवार को विभागों का आवंटन कर दिया गया। कैबिनेट मंत्री बनाए गए जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा विभाग की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा छह राज्यमंत्रियों को भी विभाग आवंटित कर दिए गए हैं। संगीता बलवंत को सहकारिता व दिनेश खटिक को जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग दिया गया है। पलटू राम को सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग, छत्रपाल गंगवार को राजस्व, धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास, संजीव कुमार गोंड को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग मिला है। गोपन विभाग की ओर से नए मंत्रियों को विभाग आवंटन संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है।

बताते चलें कि कमलरानी वरुण प्राविधिक शिक्षा मंत्री थीं। उनके निधन के बाद प्राविधिक शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास था। उन्होंने इस विभाग का दायित्व अब जितिन प्रसाद को सौंपा है। जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग में मौजूदा समय में एक राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख पहले से हैं। दिनेश खटिक को इस विभाग का दूसरा राज्यमंत्री बनाया गया है। इसी तरह समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग में भी जी.एस. धर्मेश पहले से राज्यमंत्री हैं। संजीव कुमार को इसी विभाग का दूसरा राज्यमंत्री बनाया गया है। राजस्व विभाग में पहले विजय कश्यप राज्यमंत्री थे। पिछले दिनों उनका निधन हो गया था। अब छत्रपाल गंगवार को राजस्व विभाग में राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल में शामिल नए सदस्यों को विभागों का दायित्व मिल जाने पर बधाई दी है। सीएम योगी ने ट्वीट करके कहा है कि ‘मुझे विश्वास है कि आप सभी के कुशल, अनुभवी एवं कर्मठ नेतृत्व में विभाग विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनंत शुभकामनाएं।’

पंचायत चुनाव के बाद से ही योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें शुरू हो गई थीं। इसे लेकर लखनऊ से दिल्ली तक कई बार बैठकों का दौर चला। 23 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार पर सहमति बनी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के रविवार को लखनऊ लौटने के बाद शाम को मंत्रिमंडल विस्तार का कार्यक्रम तय हो गया। रविवार शाम छह बजे राजभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने एक कैबिनेट और छह राज्यमंत्रियों को शपथ ग्रहण कराई थी।

नए मंत्रियों को यह विभाग-
जितिन प्रसाद – प्राविधिक शिक्षा विभाग
संगीता बलवंत  –  सहकारिता विभाग
दिनेश खटीक  –  जलशक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण
पल्टूराम –   सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रान्तीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा विभाग
छत्रपाल गंगवार  –  राजस्व विभाग
धर्मवीर प्रजापति  –  औद्योगिक विकास
संजीव कुमार गोंड  –  समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग