बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राष्ट्रीय

गृह मंत्री अमित शाह की रैली के लिए निजी बसें देने से इंकार

  • December 29, 2021
  • 1 min read
गृह मंत्री अमित शाह की रैली के लिए निजी बसें देने से इंकार

अलीगढ़। तालानगरी स्थित संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में बृहस्पतिवार को गृह मंत्री अमित शाह की रैली के लिए महानगर मिनी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने अपनी बसों को देने से इंकार कर दिया है। इसके बाद अधिकारी अन्य जनपदों से बसें मंगाने में जुट गए हैं। 100 स्कूल बसों को भी मंगाया गया है। ऐसे में बृहस्पतिवार को स्कूलों में छुट्टी हो सकती है। दूसरी तरफ, यहां के बस ऑपरेटर अन्य जनपदों के मालिकों से भी बसें ने भेजने की बात कर रहे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि भाजपा की रैली में एक भी निजी बस नहीं लगने दी जाएंगी।

मंगलवार की दोपहर महानगर निजी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन व एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह ने वार्ता की। पदाधिकारियों ने डग्गामारी न रुकने और आधे परमिट पर बसें नहीं चलने देने की समस्या रखी। अधिकारियों ने कहा कि आपकी समस्या का अभी समाधान नहीं कर सकते हैं। इस पर पदाधिकारियों ने भी कहा कि भाजपा को हम अपनी बसें नहीं दे सकते हैं, न ही रैली में बसें लगने देंगे।

एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह व सचिव अरविंद सेंगर ने बताया कि हमारी दो समस्याएं हैं। पहली समस्या यह है कि टेंपो और बसों की डग्गामारी चल रही है। दूसरी यह है कि हमारे पास महानगर के परमिट हैं। लेकिन दस किलोमीटर तक हमारी बसों को चलने नहीं दिया जाता है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसीलिए हम अपनी निजी बसों को नहीं देंगे। भाजपा की रैली के विरोध में असहयोगात्मक आंदोलन शांतिपूर्ण रूप से चलाएंगे। गृह मंत्री अमित शाह की रैली के बारे में नहीं पता है। हम सिर्फ भाजपा को जानते हैं। इसीलिए भाजपा की रैली में अन्य बसों को भी नहीं लगने देंगे। 

आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन ने बताया कि अन्य जनपदों से बसों को इकट्ठा किया जाएगा। इसके लिए बातचीत शुरू हो गई है। एआरटीओ प्रशासन रंजीत सिंह ने बताया कि 1025 बसों का इंतजाम किया जाना था। एसोसिएशन के मना करने पर नोएडा, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस, एटा से गाड़ी मंगा रहे हैं। संख्या तय हो गई है, लेकिन अभी बसों के नंबर नहीं मिले हैं।

शहर व कोल क्षेत्र छोड़कर शेष पांचों विधानसभाओं में 825 बसों को लगाया जाएगा। इनमें 100 स्कूली बसों का इंतजाम कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को छुट्टी नहीं है। इसीलिए बातचीत चल रही है कि स्कूलों की छुट्टी करा दी जाए। अभी प्रशासन स्तर से निर्णय होना बाकी है। इस मौके पर बस मालिकों में मकसूद अली, मो. आमिर, मनीष कुमार शर्मा, नाहर सिंह, खचेरमल, बबलू सिंह, राजू सिंह, अदनान हमीद, राजकुमार सोलंकी आदि मौजूद रहे।