बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति

विधान सभा चुनाव: प्रयागराज में फाफामऊ कांड के माध्‍यम से दलितों को साधने में जुटी कांग्रेस

  • December 12, 2021
  • 0 min read
विधान सभा चुनाव: प्रयागराज में फाफामऊ कांड के माध्‍यम से दलितों को साधने में जुटी कांग्रेस

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी फाफामऊ हत्याकांड के बहाने दलितों को साधने की जुगत कर रही है। शायद यही वजह है कि शनिवार को पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा ने दलित परिवार की हत्या के मामले में स्वजनों से फोन पर वार्ता की। सक्रियता दिखाते हुए फौरन स्वजनों को आश्वस्त भी किया कि पार्टी न्याय के लिए लड़ाई लड़ेगी। कुछ ही देर में पार्टी हाईकमान के निर्देश पर विधि प्रकोष्ठ के लोग पहुंचे और उनके बयान दर्ज किए।

बतादुन कि फाफामऊ के एक गांव में पिछले महीने एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। 25 नवंबर को शव मिलने के बाद अगले दिन खुद प्रियंका वाड्रा स्वजनों से मुलाकात करने पहुंच गईं। अब पार्टी फाफामऊ हत्याकांड के बहाने दलित वोट बैंक को साधने में जुट गई है। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गंगापार जिलाध्यक्ष सुरेश यादव से फोन पर वार्ता कर परिवार के बारे में जानकारी जुटाई। दोपहर में प्रियंका ने खुद परिवार के लोगों से फोन पर बात की। स्वजनों ने प्रियंका को बताया कि वह दहशत में हैं। पुलिस की कार्रवाई पर संदेह भी जताया। प्रकरण की सीबीआई जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वार्ता के कुछ देर बाद प्रियंका ने विधि सहायता के लिये अधिवक्ताओं की टीम को भेजा। वहां अधिवक्ताओं ने स्वजनों के बयान लिए।

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मनोज पासी ने प्रियंका से सीधे संवाद कर न्यायिक मदद की गुहार लगाई थी। इसे पार्टी हाई कमान ने गंभीरता से लेते हुए लीगल टीम को मौके पर भेजा। इस दौरान सुरेश यादव, हसीब अहमद, मनोज पासी, शुभम शुक्ला, आशीष पांडेय, बृजेश सिंह, रोहित चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।