बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति

‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे साथ आज महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगी प्रियंका गांधी

  • December 29, 2021
  • 1 min read
‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे साथ आज महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगी प्रियंका गांधी

फिरोजाबाद। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस जोर-शोर से तैयारी में जुटी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा जिलों में जाकर सीधे महिलाओं से संवाद स्थापित कर रही हैं। आज वह फिरोजाबाद में महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज फिरोजाबाद में आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होकर महिलाओं को कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के अभियान को सफल बनाने की अपील करेंगी।

कांग्रेस ने प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में लड़े जा रहे उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ मुहिम के तहत पूरे प्रदेश में महिला सम्मेलन आयोजित किए है। पार्टी के मीडिया संयोजक सचिन रावत ने बताया कि इस कड़ी में बुधवार को फिरोजाबाद में महिला सम्मेलन आयोजित किया गया है। वहीं प्रियंका गांधी फिरोज़ाबाद स्थित गिरधारी इंटर कॉलेज, में दोपहर एक बजे ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फ़ीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की है। महिलाओं को कांग्रेस के चुनाव अभियान से जोड़ने के लिये पार्टी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा दिया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि पार्ट के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह एवं प्रदेश महासचिव व प्रभारी अनिल यादव एवं जिला के प्रभारी आशुतोष दीक्षित जिले में रहकर महिला संवाद कार्यक्रम की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों में प्रियंका गांधी वाड्रा से संवाद करने को लेकर काफी उत्साह है।