बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राजनीति राष्ट्रीय

भर्ती विधान से आसान होगी युवाओं की राह, देश में कांग्रेस ने निर्माण किया, भाजपा ने बेचा: प्रियंका गांधी

  • January 28, 2022
  • 0 min read
भर्ती विधान से आसान होगी युवाओं की राह, देश में कांग्रेस ने निर्माण किया, भाजपा ने बेचा: प्रियंका गांधी

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने यह भी बताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम 20 लाख नौकरियां देंगे। अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वालों की आर्थिक मदद करेंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने युवाओं के लिए अपनी पार्टी के घोषणापत्र पर संवाद किया। यह संवाद सोशल मीडिया के माध्यम से किया गया था। इसमें प्रियंका ने कहा कि भर्ती विधान युवाओं की राह को आसान करने के लिए निकाला गया है। आज कभी पेपर लीक हो जाता है, तो कभी पासिंग ग्रेड बदल दिया जाता है। इससे छात्र और युवा प्रताड़ित हो रहे हैं।

प्रियंका ने यह भी बताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम 20 लाख नौकरियां देंगे। अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वालों की आर्थिक मदद करेंगे। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जातिवाद और सांप्रदायिक राजनीति से जनता का विकास नहीं होगा। जो लोग 70 साल की बात कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि आईआईटी और एम्स जैसे संस्थान कांग्रेस की सरकारों ने ही बनाए हैं। बीते सात साल में भाजपा सरकार ने कुछ नहीं बनाया, सिर्फ बेचा ही है।

प्रियंका ने कहा कि समझ नहीं आता कि भाजपा सरकार को छात्रों और अभ्यर्थियों से बात करने में क्या परेशानी है। इंदिरा गांधी के समय में जेएनयू में छात्र आंदोलन हुआ। वह छात्रों से मिलने गईं। वहां के छात्र संघ अध्यक्ष ने उन्हें अपनी मांगे पढ़कर सुनाई कि आप जेएनयू के कुलाधिपति के पद से इस्तीफा दो। इंदिरा गांधी ने जेएनयू के कुलाधिपति पद से इस्तीफा भी दिया। प्रियंका ने कहा कि आज का युवा मुफ्त में बैठकर खाना नहीं चाहता है। भाजपा सरकार नहीं चाहती है कि युवा सशक्त बनें। युवाओं ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि चुनाव का मुद्दा रोजगार होना चाहिए, लेकिन धर्म के नाम पर एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद किया जा रहा है।