बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
May 19, 2024
उत्तर प्रदेश राजनीति राष्ट्रीय

अलीगढ़ में PM मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, 125 गिरफ्तार, 18 को जेल

  • September 18, 2020
  • 1 min read
अलीगढ़ में PM मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, 125 गिरफ्तार, 18 को जेल

अलीगढ़ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाते हुए कांग्रेसियों ने बृहस्पतिवार को जमकर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट कूच करने पर पुलिस-प्रशासन ने तस्वीर महल चौराहे पर कांग्रेसियों को रोक लिया। इस पर नोकझोंक भी हुई। इसके बाद युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित 125 से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो महिलाओं समेत 18 कांग्रेसियों को जेल भेज दिया गया।

बृहस्पतिवार की दोपहर को कांग्रेसियों का एक गुट युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुंवर गौरांग देव चौहान, युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कपिल शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट की तरफ कूच करने लगा। लेकिन पुलिस ने उन्हें तस्वीर महल चौराहे पर रोक लिया। यहां पर कांग्रेसियों की पुलिस प्रशासन के साथ जमकर नोकझोंक हुई।

गौरांग चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन युवा कांग्रेस की कार्यशैली एवं गरीब मजदूर शोषित के हक की लड़ाई लड़ने से डरा हुआ है। इसलिए बेरोजगारों की लड़ाई लड़ने जा रही युवा कांग्रेस की आवाज को दबाया जा रहा है। यहां पर 125 से अधिक कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया गया। यहां से सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। बाद में अधिकांश कांग्रेसियों को चेतावनी देते हुए रिहा कर दिया गया, जबकि प्रमुख पदाधिकारियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई । एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने बताया कि कांग्रेसियों के खिलाफ शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है। 18 कांग्रेसियों को जेल भेजा गया है। इनमें 2 महिलाएं भी हैं। सभी को एक-एक लाख रुपये के मुचलके पर पाबंद किया गया है।

हम जनता के हक की लड़ाई लड़ेंगे-
युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव ने कहा कि आज जब शहर में भारतीय जनता पार्टी की अलग-अलग स्थानों पर बैठकें हो सकती हैं तो फिर कांग्रेस पार्टी अपना सम्मेलन क्यों नहीं कर सकती? यह तानाशाही पूर्ण रवैया है, हम जनता के हक की लड़ाई हर हालत में लड़ेंगे।

ये भेजे गए जेल-
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, युवा प्रदेश महासचिव कुँवर गौरांग देव चौहान, युवा जिलाध्यक्ष पंडित कपिल शर्मा, प्रदेश सचिव तौकीर खान, प्रदेश महासचिव मुस्तक़ीम चौधरी, अनवर अकील, हनी यादव, आकाश मसीही, अनीता करोतिया, अनीता राजपूत, शेरपाल सविता, लोकेश चौधरी, शमशुल खान, मोहित बंसल, उदित अग्रवाल, असलम पहलवान, फहीम खान।