बेबाक, निष्पक्ष, निर्भीक
July 27, 2024
उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय समाज

‘हमारे गांव में बीजेपी नेताओं का प्रवेश बंद है’, गालीबाज श्रीकांत त्यागी के समर्थन में नोएडा में महापंचायत

  • August 21, 2022
  • 1 min read
‘हमारे गांव में बीजेपी नेताओं का प्रवेश बंद है’, गालीबाज श्रीकांत त्यागी के समर्थन में नोएडा में महापंचायत

नोएडा | गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी के समर्थन में उत्तर प्रदेश के नोएडा में महापंचायत हुई। श्रीकांत त्यागी पर महिला के साथ बदसलूकी करने राज्य सरकार की स्टीकर लगी कारों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है। श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वो महिला के साथ बदसलूकी कर रहा था। इसके बाद उसपर केस दर्ज हुआ था और वो कुछ दिनों तक फरार भी रहा था। हालांकि, इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जेल में बंद इसी गालीबाज नेता के समर्थन में अब महापंचायत शुरू की गई है।

यह महापंचायत सुबह 10 बजे शुरू हुई। महापंचायत का आयोजन नोएडा के गेझा गांव में संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा ने गेझा महर्षि आश्रम रामलीला मैदान में किया। बताया जा रहा है कि इस महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश मसलन- गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बागपत और हापुर से इस समुदाय से जुड़े सैकड़ों लोग वहां आए हैं।

‘बीजेपी नेताओं की नो एंट्री’-
‘हमारे गांव में बीजेपी नेताओं का प्रवेश बंद है।’ यहां लिखा पोस्टर भी गेझा गांव के एंट्री पर लगाया है। बता दें कि श्रीकांत त्यागी को 9 अगस्त को मेरठ से गिरफ्तार किया गया था। नोएडा के सेक्टर 93B के ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में रहने वाली महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने और उनके साथ गाली-गलौज करने के मामले में श्रीकांत त्यागी चार दिनों तक फरार रहा था। त्यागी ने यह भी दावा किया था कि वो भारतीय जनता पार्टी का नेता है। हालांकि, पार्टी ने त्यागी से किसी भी प्रकार का लिंक होने से इनकार किया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि इस महापंचायत को देखते हुए नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सैकड़ों पुलिसकर्मियों के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स की वहां तैनाती की गई है।

जेल से श्रीकांत त्यागी ने भेजा मैसेज –
त्यागी समाज जहां महापंचायत कर रहा है वहां पुलिस, फायर विभाग व एलआईयू की टीमें नजर बनाए हुए हैं। ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में भी सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। महिला पुलिसकर्मियों को भी पंचायत स्थल पर तैनात किया गया है। समाज की मांग है कि श्रीकांत पर लगे गैंगस्टर एक्ट को हटाया जाना चाहिए। जेल गए लोकेंद्र त्यागी ने महापंचायत में श्रीकांत त्यागी का संदेश सुनाया। लोकेंद्र ने कहा, आपने गैंगस्टर से नेता बनते हुए तो बहुत देखे होंगे लेकिन नेता से गैंगस्टर बनते देखना हो तो श्रीकांत त्यागी को देखिए।

सांसद से नाराज है त्यागी समाज-
इसके अलावा गौतम बुद्ध नगर के सांसद और भाजपा नेता महेश शर्मा के कार्यालयों और अस्पतालों की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। माना जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी को लेकर हाल में जो कुछ भी हुआ उसमें सांसद महेश शर्मा के रोल को लेकर त्यागी समाज नाखुश है। यह भी कहा जा रहा है कि त्यागी समाज ने आरोप लगाया है कि महेश शर्मा ने उनके समाज को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी किया है।